गुरुग्राम में लग्जरी कार शोरूम पर देर रात फायरिंग, ड्राइवर घायल
ताबड़तोड़ फायरिंग में शोरूम के शीशे टूटे और लग्जरी गाड़ियों को भी नुकसान
फायरिंग में घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया
सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने ली जिम्मेदारी, पुलिस जांच में जुटी
फतह सिंह उजाला
गुरुग्राम। साइबर सिटी गुरुग्राम के सेक्टर-37 इलाके में शनिवार देर रात एक लग्जरी कार शोरूम पर अज्ञात बदमाशों द्वारा गोलीबारी किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार हमलावरों ने ‘बिग बॉय टॉयज (BBT)’ नामक शोरूम को निशाना बनाते हुए कई राउंड फायर किए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि गोलीबारी के दौरान शोरूम के प्रवेश द्वार के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए और अंदर खड़ी कुछ महंगी गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा। इस घटना में एक ड्राइवर घायल हो गया, जिसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-37 थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
इधर, घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी सामने आई है, जिसमें कुछ लोगों के नाम लेते हुए इस गोलीबारी की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस पोस्ट की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है। शोरूम संचालक की ओर से इस घटना को लेकर सेक्टर-37 थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शोरूम से जुड़े व्यक्ति को पहले भी कुछ अज्ञात लोगों की ओर से धमकी मिलने की बात सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।