नायब सैनी को खुश करने के लिए नोडल अफसर आर.एस. भाट उजाड़ेंगे गरीबों का रोजगार?
हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सैनी को खुश करने के लिए नोडल अफसर आर.एस. भाट द्वारा गरीबों और छोटे व्यापारियों के रोजगार पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। क्या यह प्रशासनिक सख्ती है या गरीबों के रोजगार पर संकट?
सीएम रैली से पहले" आर.एस. भाट की पटौदी में "अतिक्रमण मुक्त फिल्म" चलेगी
टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के नोडल अधिकारी भाट ने जाटोली-पटौदी में दिखाया ट्रेलर
हेलीमंडी , जाटोली और पटौदी में अतिक्रमण पर प्रशासन की सख्ती
अतिक्रमणकारियों को 10 दिन में अतिक्रमण हटाने की दी गई चेतावनी
टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के नोडल अधिकारी आर.एस. भाट की हुई एंट्री
फतह सिंह उजाला
जटौली-हेलीमंडी-पाटौदी। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के नोडल अधिकारी आर.एस. भाट ने अपने ही अंदाज में पटौदी विधानसभा क्षेत्र में एंट्री की। उन्होंने पहले दिन ही मुख्य सड़क मार्ग कुलाना जाटोली और पटौदी से रेवाड़ी तथा गुरुग्राम और तावडू दिशा में सड़क किनारे सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने तथा रेहड़ी फड़ी लगाने वालों को
अपनी कार्यवाही अथवा तत्वरित एक्शन का ट्रेलर दिखाने का काम किया। इसके साथ ही उन्होंने अतिक्रमणकारियों को 10 दिन में अतिक्रमण हटाने की चेतावनी देते हुए कहा कि 10 दिन के बाद वह बिना बताए फिर अतिक्रमण हटाने के लिए क्षेत्र में पहुंचेंगे । आर.एस. भाट के द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ अपनी कर्यवाही का अतिक्रमण करने वालों को ट्रेलर दिखाया गया। जिस अंदाज में उन्होंने 10 दिन का समय देते हुए चेतावनी दी। उसके मुताबिक 10 दिन के बाद अतिक्रमण के खिलाफ नॉनस्टॉप पूरी फिल्म इन एक्शन दिखाई देगी।
गौर तलब है कि टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के नोडल अधिकारी आर.एस. भाट के द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ जो एक्शन टेकन तिथि घोषित की गई अथवा बताई गई। उसके एक सप्ताह बाद ही पटौदी क्षेत्र में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रैली को संबोधित करने के लिए पहुंच रहे हैं। विधायक विमला चौधरी के मुताबिक इस रैली के मंच पर सांसद एवं केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के अलावा कई विधायक विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। रैली की कामयाबी के लिए सत्ता पक्ष समर्थकों ने अपनी कसरत आरंभ कर दी है।
इसी बीच में बादशाहपुर के फरुखनगर क्षेत्र मैं सफल अतिक्रमण हटाओ अभियान के बाद पटौदी विधानसभा क्षेत्र में मुख्य सड़क मार्ग पर बढ़ती ट्रैफिक जाम और अतिक्रमण की समस्या को लेकर प्रशासन अब सख्त नजर आ रहा है। लोगों की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए गुरुग्राम जिला टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के नोडल अधिकारी आर.एस. भाट ने जाटोली हेली मडी पटौदी का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने तावडू रोड स्थित सब्जी मंडी तथा गुड़गांव-पटौदी चौक पर दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी कि किसी भी सूरत में अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के बाहर सड़क तक सामान फैलाकर अतिक्रमण कर रखा है। वहीं सब्जी मंडी में भी कई विक्रेता सड़क पर ही रेहड़ी और ठेले लगाकर सब्जियां बेच रहे हैं, जिससे सड़क का बड़ा हिस्सा घिर जाता है और वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है।
अतिक्रमण से जाम और आमजन परेशान
पत्रकारों से बातचीत करते हुए नोडल अधिकारी आर.एस. भाट ने बताया कि पटौदी में जाम और अतिक्रमण को लेकर विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी को लेकर पटौदी का दौरा कर हालात का जायजा लिया गया है। उन्होंने कहा कि दुकानदारों और सब्जी विक्रेताओं को स्पष्ट रूप से निर्देश दिए गए हैं कि वे 10 दिनों के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाकर क्षेत्र को खाली करें। यदि निर्धारित समय के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सड़क पर अतिक्रमण होने से ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है। खासकर सुबह और शाम के समय तावडू रोड और गुड़गांव-पटौदी चौक पर लंबा जाम लग जाता है, जिससे स्कूल जाने वाले बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
पूरी फिल्म 10 दिन बाद लेकिन ट्रेलर हथों-हाथ
अपने मिजाज और अतिक्रमण के खिलाफ कठोर कार्रवाई को लेकर चर्चित टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के नोडल अधिकारी आर.एस. भाट ने कुछ स्थानों पर जेसीबी चला कर 10 दिन बाद की जाने वाली कार्रवाई का ट्रेलर भी दिखाने का काम किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण कई बार एम्बुलेंस और आपातकालीन वाहनों को भी निकलने में दिक्कत होती है। दुकानों के बाहर रखा गया सामान और सड़क किनारे खड़ी गाड़ियां जाम की बड़ी वजह बन चुकी हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर को जाम और अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए जल्द ही अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर कार्रवाई की जाएगी।