युवक की गोली मारकर हत्या करने के मामले में आरोपी काबू, 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल
कैथल, 09 नवंबर ( न्यूज हैंड ब्यूरो)
युवक की गोली मारकर हत्या करने के मामले में आरोपी को काबू कर लिया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मूंदड़ी गांव निवासी राजपाल उर्फ राजा की शिकायत अनुसार उसके तीन लड़के और एक लड़की है। सबसे छोटा लड़का साहिल 12वीं कक्षा पास करके अपने भाइयों के साथ मेहनत-मजदूरी करता था। शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे उसका लड़का सावन अपने मोटरसाइकिल पर मूंदडी के बस स्टैंड पर बनी दुकान से पटाखे लेने गया था। यहां पर उसकी पटाखे चला रहे गांव के संजू से किसी बात पर कहासुनी और मारपीट हो गई। संजू ने उसके लड़के को जाति सूचक शब्द भी कहे और उसकी मोटरसाइकिल को डंडे से तोड़ दिया। सावन ने यह सारी बात घर आकर उसे व परिवार के लोगों को बतलाई। इस पर उसके लड़के साहिल ने अपने मोबाइल नंबर से संजू को फोन करके अपने भाई के साथ मारपीट बारे में पूछा तो संजू व साहिल की मोबाइल पर कहा सुनी हो गई। रात करीब सवा 10 बजे वह और उसका लड़का साहिल व अरुण, शुभम, मन्नू व उसका लड़का पवन ओर दो अन्य लड़के संजू की ओर से की गई मारपीट का उलाहना देने के लिए संजू के घर जा रहे थे। जब वे स्टैंड मूंदडी के पास पहुंचे तो सामने गली के मोड़ पर संजू अपनी दोनाली बंदूक लिए सड़क पर खड़ा था। उसके लड़के साहिल ने संजू से कुछ पूछा तो उसने अपनी बंदूक से साहिल पर सीधा फायर कर दिया। गोली सीधी उसके लड़के के माथे पर आंखों के पास लगी व काफी छर्रे उसके शरीर पर लगे। गोली लगने से साहिल मौके पर ही गिरकर बेहोश हो गया। उसके बावजूद संजू अपनी बंदूक से लगातार फायर करता रहा और ऊंची आवाज में जाति को लेकर गालियां भी देता रहा। साहिल को गोली लगने के बाद वे उसे सरकारी अस्पताल लेकर गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके बड़े बेटे को भी छर्रे लगे, जिससे वह घायल हो गया और अस्पताल में दाखिल है। उक्त मामले बारे थाना पूंडरी में मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच डीएसपी रोहताश कुमार, एसडीयु प्रभारी एसआई रमेश कुमार, एएसआई मोहन लाल की टीम द्वारा करते हुए आरोपी मूंदड़ी निवासी संजु उर्फ कर्ण को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी का व्यापक पूछताछ के लिए न्यायालय से 2 दिन पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।