नरवाना हलके के लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता पर होगा समाधान : कर्ण प्रताप सिंह

भाजपा मंडल के पदाधिकारियों के साथ मीटिंग कर कर्ण प्रताप ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
नरवाना, 3 जुलाई (न्यूज हैंड ब्यूरो /राजीव) :
नरवाना हलके के भाजपा के चारों मंडलों के पदाधिकारियों की एक बैठक वीरवार सायं यहां हरियल लोक निर्माण विश्राम गृह में हुई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा के युवा नेता कर्ण प्रताप सिंह ने की। बैठक में मंडल पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कर्ण प्रताप सिंह ने कहा कि पार्टी संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक मंडल पर पार्टी कार्यकर्ताओं की सूची तैयार होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मंडल के पदाधिकारी पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संपर्क कर उनसे उनकी व क्षेत्र की समस्याओं के बारे में जानकारी लें और उन समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करवाएं। यदि स्थानीय स्तर पर समस्या का समाधान न हो तो कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी की जानकारी में उस समस्या को रखें ताकि उस समस्या का समय पर समाधान हो सके। कर्ण प्रताप सिंह ने कहा कि अब हर महीने मंडल स्तर के पदाधिकारियों के साथ मासिक मीटिंग का आयोजन होगा जिसमें महीने भर के कार्यों पर चर्चा होगी और आगामी रणनीति बनाई जाएगी और समस्याओं को लेकर भी समीक्षा की जाएगी। मीटिंग के बाद कर्ण प्रताप सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि नरवाना हलके के लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। किसी भी व्यक्ति को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ होते हैं इसलिए पार्टी कार्यकर्ताओं को पूरा मान सम्मान दिया जाएगा और उनकी हर समस्या का समाधान किया जाएगा। कर्ण प्रताप सिंह ने कहा कि कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी के प्रयास से नरवाना हलके में करोड़ों रुपए की विकास परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है और अभी तो यह शुरुआत है, आने वाले समय में विकास कार्यों में और गति आएगी और विकास के मामले में नरवाना हलका किसी भी क्षेत्र से पीछे नहीं रहेगा। इस अवसर पर धमतान मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र प्रजापति, नरवाना मंडल उपाध्यक्ष ज्ञानाराम शर्मा व सुनीता भ्यान, महामंत्री पुरुषोत्तम व नरेश शर्मा, सचिव सतीश सैनी, रणधीर कश्यप व रमेश कुमार व कैबिनेट मंत्री के निजी सचिव जसबीर नैन सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।