19 वर्षीय युवती ने की अपनी जीवन लीला समाप्त

By :  Newshand
Update: 2025-04-24 20:48 GMT


रोहित गुप्ता

डेराबस्सी, 24 अप्रैल

डेराबस्सी के हैबतपुर रोड पर स्थित वीआईपी कॉलोनी में बुधवार सुबह एक युवती द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 19 वर्षीय तनिषा पुत्री महेंद्र सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार तनिषा ने अपने कमरे में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस ने शव को डेराबस्सी सिविल अस्पताल में रखवा दिया है, जहां शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

जांच अधिकारी एएसआई लखविंदर सिंह ने बताया कि लड़की की मां ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि वह और उसकी बेटी तनीषा मिलकर डेराबस्सी में ब्यूटी पार्लर चलाती थीं। पिछले कुछ दिनों से तनिषा चुप-चुप सी रहती थी। आज सुबह जब माँ पार्लर गयी तो घर में केवल तनिषा और उसकी नानी ही मौजूद थीं।

मां के पार्लर चले जाने के बाद तनीषा ने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया और फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलने पर नानी ने तुरंत पड़ोसियों को सूचित किया। सभी लोग मिलकर लड़की को अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

तनिषा अपने माता-पिता की सबसे बड़ी बेटी थी और उसने बारहवीं तक पढ़ाई की थी। परिवार में उनकी एक और छोटी बहन भी है। मां के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है तथा आगे की जांच जारी है।

Tags:    

Similar News